गेहूं की फसल करेगी किसानों की बल्ले-बल्ले,ओपन मार्केट में 2600 से अधिक मिल रहा भाव

भोपाल की करोंद मंडी में सोमवार को गेहूं और चने की करीब 10 हजार क्विंटल आवक रही। लोकवन वैरायटी के गेहूं के दाम 2100 से 2275 रुपए प्रति क्विंटल रहे, जबकि अन्नपूर्णा वैरायटी का गेहूं 2100 से 2300 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका, जो समर्थन मूल्य से करीब 300 रुपए ज्यादा है। वहीं, चने के भाव तेज रहे। शनिवार को चना 4750 रुपए प्रति क्विंटल बिका था, लेकिन सोमवार को यह 4900 से 4950 रुपए प्रति क्विंटल बिका।
मंडी में सोमवार को सबसे ज्यादा गेहूं की आवक रही। मिल क्वॉलिटी, अन्नपूर्णा, लोकवन, शरबती और मालवा शक्ति के अलग-अलग भाव रहे और आवक 10 हजार क्विंटल तक पहुंच गई। मंडी व्यापारी संजीव जैन ने बताया, कुल आवक का करीब आधा गेहूं मालवा शक्ति वैरायटी का रहा। इस गेहूं का उपयोग दलिया बनाने में होता है।
ये रहे गेहूं का भाव
मिल क्वॉलिटी का गेहूं 1975 से 2050 रुपए, अन्नपूर्णा गेहूं 2100 से 2275 रुपए, लोकवन वैरायटी 2100 से 2275 रुपए और शरबती गेहूं का भाव 3500 से 4000 रुपए प्रति क्विंटल में बिका।
चने में 200 रुपए आई तेजी
शनिवार की तुलना में सोमवार को चने के भाव में 200 रुपए की तेजी रही। यह 4900 से 4950 रुपए प्रति क्विंटल बिका। आवक करीब 400 बोरी रही।
रूस और यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine war) के बीच तेल और गैस की कीमतें बढ़ रही हैं। दुनियाभर के उपभोक्ताओं पर इसका असर दिख रहा है। हालांकि, यह अभी थमता भी नहीं, क्योंकि वैश्विक बाजार में कमोडिटी सुपरस्टोर के रूप में रूस की भूमिका को देखते हुए अन्य कमोडिटी की कमतें बढ़ना तय है। तेल, गैस और कई कीमती धातुओं के अलावा रूस गेहूं का भी एक प्रमुख उत्पादक है। संयुक्त राष्ट्र (UN) के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, रूस ने 2020 में चीन और भारत के बाद तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा 86 मिलियन टन गेहूं का उत्पादन किया। यह दुनिया का सबसे बड़ा गेहूं निर्यातक (Wheat Exporter) देश है।
भारत का उत्पादन अधिक, लेकिन एक्सपोर्ट में पीछे
भारत और चीन गेहूं के बड़े उत्पादक हैं, लेकिन यह प्रमुख निर्यातक नहीं हैं। लेकिन रूस और यूक्रेन युद्ध के कारण भारत का गेहूं एक्सपोर्ट बढ़ेगा। भारत ने इस साल 7 मिलियन टन (70 लाख टन) गेहूं के निर्यात के कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किए हैं। फरवरी 2022 तक भारत 6.6 मिलियन टन गेहूं का निर्यात कर भी चुका है। यदि रूस और यूक्रेन की यही स्थिति रही तो भारत का एक्सपोर्ट और बढ़ सकता है। ताजा उपलब्ध FAO के आंकड़ों के अनुसार 7 मिलियन टन एक्सपोर्ट करते हुए भारत दुनिया का नौवां गेहूं का सबसे बड़ा एक्सपोर्टर बन गया है। हालांकि, संकट के इस वक्त और देश भी अपना एक्सपोर्ट बढ़ा सकते हैं।
भारत और चीन अपना उत्पादन देश में करते हैं इस्तेमाल
आंकड़ों के मुताबिक चीन और भारत अब तक अपने उत्पादन के बड़े हिस्से का घरेलू स्तर पर उपभोग करते रहे हैं। इस वजह से रूस गेहूं का बड़ा निर्यातक बना रहा। रूस ही नहीं यूक्रेन भी गेहूं के शीर्ष निर्यातकों में से एक है। 2020 में रूस और यूक्रेन दोनों गेहूं निर्यातकों में टॉप- 5 की श्रेणी में थे। ऐसे में दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध से आशंका गहरी हो रही है कि यह संकट खाद्य सामग्री में महंगाई बढ़ा सकता है। इसी संकट की वजह से थोक गेहूं की कीमतों में बढ़ोतरी ने दुनियाभर में खाद्य मूल्य सूचकांक (Global Food price index) पर असर दिखाया। यह फरवरी में एक नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। फरवरी 2022 तक भारत ने 6.6 मिलियन टन गेहूं का निर्यात किया। 31 मार्च तक यह 7 मिलियन टन होने की उम्मीद है।
गेहूं के टॉप -10 एक्सपोर्टर
देश एक्सपोर्ट मात्रा (मिलियन टन)
रूस 37.3
अमेरिका 26.1
कनाडा 26.1
फ्रांस 19.8
यूक्रेन 18.1
ऑस्ट्रेलिया 10.4
अर्जेंटीना 10.2
जर्मनी 9.3
इंडिया 7.0
कजाखस्तान 5.2
(स्रोत: फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन UN)
फरवरी में इतनी उछलीं कीमतें
कोरोना वायरस (Coronavirus) से उबरने के बाद दुनियाभर में खाद्य मूल्य सूचकांक (Food price index) काफी तेजी से बढ़ा है। यह फरवरी 2022 में 140.7 अंक के एक नए उच्च स्तर पर पहुंच गया था। इस दौरान वनस्पति तेल 8.5 फीसदी की बढ़त के साथ सबसे ऊपर रहा। उत्पादन और निर्यात अनुमानों में गिरावट के कारण पाम, सोया और सनफ्लावर ऑयल की कीमतों में तेजी आई। सनफ्लावर ऑयल को यूक्रेन और रूस युद्ध ने प्रभावित किया है, क्योंकि दोनों देश इसके प्रमुख उत्पादक हैं। सिर्फ तेल ही नहीं, गेहूं की कीमतें भी बढ़ गई हैं। जानकारों का कहना है कि एशिया और मध्य पूर्व से मांग के कारण दुनियाभर में डेयरी प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ीं। मांस की कीमतों में केवल वृद्धि हुई, जबकि चीनी की कीमतों में गिरावट आई।